मथुरा,– मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में 01 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह “जीरो फेटेलिटी माह” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य पर लाना है। इसी क्रम में मथुरा जनपद में परिवहन विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रम और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है।सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी एवं पूजा सिंह ने एसडीटीटी वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, भूतेश्वर मथुरा में खजानी वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से बालिकाओं के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और परिवार के सभी सदस्यों द्वारा दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य करने की अपील की गई। इस अवसर पर सभी छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।वहीं वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश राजपूत ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 67 वाहनों का चालान किया। इसके अलावा प्रमुख सचिव परिवहन की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में निर्देश दिए गए कि अवैध पार्किंग और बस स्टैंड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बिना फिटनेस और परमिट के चल रही स्कूल बसों व अन्य वाहनों को निरुद्ध कर परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन द्वितीय सतेन्द्र कुमार सिंह ने आम जनता से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर “गोल्डन ऑवर” योजना के तहत 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि और प्रमाण पत्र मिलेगा। साथ ही कैशलेस ट्रीटमेंट योजना 2026 के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ित को 1.50 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज भी उपलब्ध होगा।