शहडोल जिले में आरकेटीसी बिल्डिंग इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं में आक्रोश देखने को मिला। श्री राजपूत करणी सेना और स्थानीय लोगों ने कंपनी पर क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार न देने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर शहडोल को ज्ञापन सौंपा।श्री राजपूत करणी सेना का कहना है कि सोहागपुर क्षेत्र के अमलाई ओसीएम में उत्पादन और ओबी खनन का कार्य मेसर्स आरकेटीसी कंपनी को दिया गया है, जिसका कार्य अगस्त माह से प्रारंभ हो चुका है। इसके बावजूद अमलाई ओसीएम से लगे आसपास के गांवों के कुशल और अर्द्धकुशल बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी के जीएम विवेक पाठक मनमानी तरीके से कर्मचारियों की भर्ती कर रहे हैं और बाहरी राज्यों के लोगों को काम पर रखा जा रहा है, जबकि स्थानीय युवाओं के मेडिकल, वोकेशनल सर्टिफिकेट और बी-फॉर्म जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं दी गई।ग्रामीणों का कहना है कि जमीन और प्राकृतिक संसाधन स्थानीय हैं, प्रदूषण और संभावित आपदाओं का सामना भी स्थानीय लोगों को ही करना पड़ेगा, इसलिए रोजगार पर पहला अधिकार भी स्थानीय युवाओं का होना चाहिए।श्री राजपूत करणी सेना ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कंपनी के कार्यों में जो भी व्यवधान उत्पन्न होगा, उसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।