मथुरा जनपद के रामनगला गांव की गौशाला को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि गौशाला में गायों के शव गड्ढा खोदकर दबाए जा रहे हैं। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद उजागर हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।वायरल वीडियो में गौशाला परिसर के अंदर जमीन खुदी हुई दिखाई दे रही है, जिसमें कथित तौर पर मृत गायों को दबाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली शिकायत नहीं है, बल्कि लंबे समय से गौशाला में चारा, पानी और इलाज जैसी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बरती जा रही थी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई गायों की मौत हुई, लेकिन प्रशासन को इसकी जानकारी दिए बिना शवों को गुपचुप तरीके से दबाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।