एनएच-46 पर पुलिस टीम पर हमला, आरक्षक को बंधक बनाकर की मारपीट
गुना (ईएमएस)।
गुना जिले की बीनागंज चौकी अंतर्गत ग्राम पैंची में सोमवार को कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। युवती के प्रेम विवाह से नाराज ग्रामीणों ने एक आरक्षक को बंधक बनाकर मारपीट की। सूचना मिलने पर उसे छुड़ाने पहुंचे पुलिस एवं एसएएफ (विशेष सशस्त्र बल) के जवानों पर भी भीड़ ने हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि एनएच-46 पर आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, इस दौरान आंखों में मिर्ची डालने जैसी घटना भी सामने आई। हमले में कई पुलिसकर्मी एवं एसएएफ के जवान घायल हुए हैं, वहीं एक पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रेम विवाह बना विवाद की वजह
घटना की पृष्ठभूमि 28 दिसंबर को दर्ज एक युवती की गुमशुदगी से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर निवासी लोधा समाज की युवती अपने परिचित युवक के साथ चली गई थी। दोनों ने 1 जनवरी को प्रेम विवाह कर लिया। इस मामले को लेकर सोमवार को ग्रामीण एवं समाजजन बीनागंज चौकी पहुंचे और युवती को उनके सुपुर्द करने की मांग करने लगे।पुलिस ने बताया कि युवती बालिग है, उसके बयान दर्ज किए गए हैं और उसे वन-स्टॉप सेंटर भेजा गया है। युवती ने अपने बयान में पति के साथ रहने की इच्छा जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

“नक्सल प्रभाव से विकास की ओर बढ़ता ग्राम हेटारकसा
मथुरा में बड़ा हादसा, यमुना नदी में नाव डूबी, 6 से ज्यादा की मौत
LPG संकट: कर्नाटक ने केंद्र से ऑटो गैस सप्लाई की समस्या दूर करने की अपील की