मथुरा।
पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को देश में पहला स्थान मिलने पर बृज क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर साधु-संतों और धर्माचार्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सरकार की विकासपरक नीतियों और बेहतर व्यवस्थाओं का परिणाम बताया है।श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि जब से योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है। बड़े-बड़े हाईवे, फ्लाईओवर और पुलों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी सुविधा मिली है।दिनेश फलाहारी महाराज ने बताया कि पहले यात्रियों को रास्तों में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सड़क और यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गई है। इसके चलते पर्यटक आसानी से धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच पा रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक त्योहारों और बड़े आयोजनों के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था की गई है। इससे भव्य आयोजनों का आयोजन संभव हुआ है और श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। बृज भूमि के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया गया है। मंदिरों की सजावट, रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।दिनेश फलाहारी महाराज के अनुसार, सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पर्यटन क्षेत्र को मिला है। अब न केवल देश के विभिन्न राज्यों से, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिल रहा है।इस उपलब्धि पर बृज क्षेत्र के साधु-संतों ने खुशी जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को एक नए और भव्य स्वरूप में प्रस्तुत किया है। संतों का मानना है कि यदि इसी प्रकार विकास कार्य निरंतर चलते रहे, तो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में और भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।