कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा रात्रिकालीन जांच अभियान चलाया गया।दिनांक 4 जनवरी 2026 की रात्रि जांच के दौरान सहायक खनिज अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया एवं खनिज निरीक्षक श्री अशोक मिश्रा द्वारा अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (बिना नंबर) को पकड़ा गया। उक्त वाहन को मौके पर ही जप्त कर पुलिस थाना बरगवां में अग्रिम कार्रवाई हेतु सुरक्षित रखा गया।इसी क्रम में दिनांक 5 जनवरी 2026 को खनिज निरीक्षक श्री अशोक मिश्रा द्वारा पुनः कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया, जिसे सुरक्षार्थ पुलिस चौकी गोरबी में खड़ा कराया गया है।खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए दोनों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियमों के अंतर्गत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।