सड़क हादसों से दहला मथुरा, एक ही दिन में तीन की मौत
मथुरा। जिले में सोमवार का दिन सड़क दुर्घटनाओं के नाम रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे जिले में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ताजा मामला थाना गोवर्धन के अडिंग चौकी क्षेत्र स्थित बाईपास का है, जहां ओवरलोड टेम्पो के पलटने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।जानकारी के अनुसार मथुरा से गोवर्धन की ओर जा रहा एक टेम्पो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टेम्पो में क्षमता से अधिक, करीब 16 सवारियां बैठी हुई थीं। हादसे में 70 वर्षीय रामजीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक थाना फरह क्षेत्र के जोधपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पलटे हुए टेम्पो से घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उसी टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामजीलाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल एक दंपति को कमर में गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया है।बताया जा रहा है कि रामजीलाल अपनी नातिन के साथ बेटी के यहां गोवर्धन जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही अडिंग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेज दिया है। साथ ही हादसे के संबंध में तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टेम्पो के ओवरलोड होने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।वहीं, जिले में एक ही दिन में हुए लगातार सड़क हादसों से लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्ती न होने के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।

चारधाम यात्रा से पहले बड़ी खबर, केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा बुकिंग 15 अप्रैल से
MP में दर्दनाक हादसे: डिंडौरी में ट्रक की चपेट, देवास में कार पेड़ से टकराई, 8 मृत