मथुरा। नव वर्ष के अवसर पर रविवार को गणेशरा स्टेडियम में मिशन परिवर्तन धनगर समाज मथुरा के तत्वाधान में धनगर समाज के बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद भर से बड़ी संख्या में धनगर समाज के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात देवी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि श्री तेजू बघेल, युवा उद्योगपति रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) ने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए 100, 200 और 400 मीटर दौड़ तथा बालकों के लिए 400, 800 और 1600 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। सभी वर्गों में खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 100 मीटर दौड़ में भक्ति धनगर (अकबरपुर), 200 मीटर में भावना (भीम), 400 मीटर में संगीता एवं कैलाशी (अड़ूकी), 800 मीटर में हेमंत (लालपुर) और 1600 मीटर में राजकुमार (ऊंचागांव) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।मुख्य अतिथि तेजू बघेल ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल, स्पोर्ट्स सूट, नकद पुरस्कार एवं पटुका पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं और ऐसे आयोजन समाज में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।