जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 06 और 07 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम, गणेशरा, मथुरा में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश शासन, जिला प्रशासन मथुरा, खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की पांचों विधानसभाओं से चयनित प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले महिला एवं पुरुष, बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। विधानसभा स्तर पर चयन प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है, जिसमें जिला युवा कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।इस जिला स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबाल, भारोत्तोलन, जूडो एवं बैडमिन्टन जैसी प्रमुख खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी खेल प्रतियोगिताएं संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित होंगी, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा।प्रतियोगिता का शुभारंभ माननीय सांसद मथुरा श्रीमती हेमा मालिनी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जिला प्रशासन, खेल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहेंगे।जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले के खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें और जिले का नाम रोशन करें।इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।