मौसम खराब होने के बावजूद नववर्ष पर बेलवन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
नववर्ष के अवसर पर मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने के बावजूद मांट क्षेत्र के बेलवन स्थित महालक्ष्मी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पौष माह के चौथे गुरुवार को आयोजित पारंपरिक मेले में दूर-दराज से आए हजारों भक्तों ने आस्था के साथ माता महालक्ष्मी के दर्शन किए। ठंड और हल्की धुंध के बावजूद श्रद्धालुओं की श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी। इसी दिन पौष माह के मेले का विधिवत समापन भी किया गया।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बेलवन स्थित महालक्ष्मी मंदिर में पौष माह के दौरान भव्य मेले का आयोजन किया गया। नववर्ष की सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम मांट ऋतु सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं और पूरे मेले के दौरान लगातार निगरानी करती रहीं। मेला समिति द्वारा कई दिनों पूर्व ही मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं।मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह भंडारों की व्यवस्था की गई थी। बुधवार रात से ही सेवाभावी लोग बेलवन पहुंचकर भंडारों की तैयारियों में जुट गए थे। पौष माह के अंतिम गुरुवार को सुबह मंगला आरती के साथ मेले की विधिवत शुरुआत हुई, जो देर शाम तक चलती रही। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर माता महालक्ष्मी को खिचड़ी, गजक, रेवड़ी सहित अन्य प्रसाद अर्पित किए।मान्यता है कि इस स्थान पर माता महालक्ष्मी भगवान श्रीकृष्ण की तपस्या में लीन हैं, इसलिए यहां दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते हर वर्ष पौष माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेलवन पहुंचते हैं।मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन पर ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, सचिव श्याम सुंदर सिंह राघव, उपाध्यक्ष रामेश्वर सिंह एडवोकेट, कोषाध्यक्ष गिरधारी लाल अग्रवाल, सलाहकार किशोरी नेता जी, नेत्रपाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन, तहसील प्रशासन, ब्लॉक प्रशासन एवं मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

काला धागा पहनने का रहस्य: सही गांठ जरूरी, गलत बांधने से आता है अशुभ प्रभाव
पैरों में आलता लगाने की परंपरा क्यों खास? जानिए इसका रहस्य और विज्ञान
वरुथिनी एकादशी पर इन उपायों से माता लक्ष्मी को करें प्रसन्न, जीवन में होगा सौभाग्य का आगमन
राशिफल 9 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कांस्टेबल रेवती की बहादुरी से 9 पुलिसकर्मियों को मौत की सजा, हिरासत में हुई थी बाप-बेटे की हत्या