मथुरा। नववर्ष के आगमन से पूर्व राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा धर्मनगरी ब्रजभूमि पहुंचे, जहां उन्होंने गोवर्धन में गिरिराज महाराज के चरणों में श्रद्धा के साथ हाजिरी लगाई। मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ गोवर्धन पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री की इस धार्मिक यात्रा की विशेष बात यह रही कि उनके परिवार ने 21 किलोमीटर लंबी सप्तकोसीय परिक्रमा पूर्ण की। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की पत्नी एवं पुत्र ने कठिन मानी जाने वाली दंडवत परिक्रमा भी पूरी की। इस परिक्रमा में श्रद्धालु हर कुछ कदम पर भूमि पर लेटकर भगवान को प्रणाम करते हुए आगे बढ़ते हैं, जिसे श्रद्धा, संयम और दृढ़ संकल्प की परीक्षा माना जाता है।परिक्रमा पूर्ण होने के पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गिरिराज महाराज के मुखारबिंद एवं दानघाटी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने दूध से अभिषेक कर भगवान से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री एक सामान्य श्रद्धालु के रूप में नजर आए और उन्होंने किसी भी प्रकार का विशेष प्रोटोकॉल नहीं अपनाया।संक्षिप्त बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिराज महाराज की कृपा से ही उन्हें जनसेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि नए वर्ष की शुरुआत उन्होंने प्रभु के चरणों में आशीर्वाद लेकर करने का संकल्प लिया है। आध्यात्मिक ऊर्जा ही व्यक्ति को सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, बावजूद इसके संपूर्ण वातावरण शांत, अनुशासित और भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री की सादगी, आस्था और विनम्रता ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ब्रजवासियों का दिल जीत लिया।