नागदा। नए साल के आगमन को देखते हुए नागदा पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से होटल, ढाबा और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान नागदा नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा नागदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में देर रात तक चलाया गया।पुलिस द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित होटल और ढाबों की सघन जांच की गई। इस दौरान उन संचालकों को सख्त हिदायत दी गई, जो नियमों के विरुद्ध शराब परोसते पाए गए या जिन पर शराब पिलाने की आशंका थी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति शराब परोसने या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संचालकों को नए साल के अवसर पर कानून का पालन करने, समय सीमा का ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी। साथ ही, शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी पुलिस बल को दिए गए।नागदा पुलिस का कहना है कि यह अभियान नए साल के दौरान भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।