बीनागंज: सरस्वती शिशु मंदिर, बीनागंज में फाउंडेशनल स्टेज के विद्यार्थियों का वार्षिक रंगमंचीय कार्यक्रम उड़ान–2025 : नन्हे पंख, बड़े सपने” हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, सृजनशीलता और सांस्कृतिक मूल्यों से भरपूर मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदर्श रामलीला समिति, बीनागंज के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री दिनेश भार्गव रहे। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों की प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संस्कारों की स्पष्ट झलक दिखाई दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा ने की। मंच पर संचालन समिति के सचिव श्री राघव सोनी एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री पीयूष राठौड़ भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संचालन समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण यह रहा कि मंच संचालन स्वयं छोटे-छोटे विद्यार्थियों द्वारा किया गया। नन्हे एंकरों ने पूरे कार्यक्रम का संचालन आत्मविश्वास और सधे हुए अंदाज़ में किया। रंगमंचीय प्रस्तुतियों में नृत्य, नाटक, गीत एवं भावाभिनय के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।इसी अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य बालमेला का आयोजन भी किया गया। बालमेले का उद्घाटन एसडीओपी चाचौड़ा श्री मनोज ओझा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि बालमेला बच्चों में नेतृत्व, सहयोग और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।बालमेले में फूड जोन एवं गेम जोन की आकर्षक व्यवस्था की गई थी, जिसमें विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उल्लेखनीय है कि बालमेले का आयोजन छात्र संसद द्वारा किया गया, जिससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और टीमवर्क का विकास हुआ।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संपूर्ण आयोजन अनुशासन, संस्कार और आनंद से परिपूर्ण रहा।