भीलवाड़ा: सनातन धर्म के प्रखर ध्वजवाहक और हरिशेवा उदासीन आश्रम के अधिष्ठाता पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन जी महाराज का 65वां प्राकट्योत्सव मंगलवार, 30 दिसंबर को बड़े हर्षोल्लास और सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 'सनातन मंगल महोत्सव' के तहत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

भक्ति और अनुष्ठान से होगी दिन की शुरुआत:
उत्सव की शुरुआत सुबह 8:15 बजे हरिशेवा उदासीन आश्रम में जगदगुरु श्री श्रीचंद्र महाराज एवं समाधि वाले सतगुरुओं के पूजन और हवन के साथ होगी। इसके बाद हरि सिद्धेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक किया जाएगा। सेवा की परंपरा के तहत गौ पूजन और गौमाता को लापसी का भोग भी अर्पित किया जाएगा।

शाम को सजेगी भजनों की संध्या:
शाम 5:00 बजे मुख्य समारोह का आयोजन होगा, जिसमें दीप प्रज्ज्वलन के साथ महाराज जी की दीर्घायु के लिए स्वस्तिवाचन किया जाएगा। विभिन्न समाज संगठनों द्वारा स्वामी जी का अभिनंदन किया जाएगा और महाराज जी अपने वचनों से भक्तों को लाभान्वित करेंगे।शाम 7:00 बजे देश के विख्यात भजन गायक संत प्रकाशदास जी महाराज अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देंगे, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा।