खरगोन: निमाड़ रेलवे संघर्ष समिति की बैठक रविवार को औरंगपुरा स्थित पाटीदार समाज धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार और अलीराजपुर के समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक में प्रस्तावक इंजी. राधेश्याम पाटीदार ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र में रेलवे लाइन का सपना पूरा होने की दिशा में बढ़ रहा है। सरकार ने इसके सर्वे की स्वीकृति दे दी है और सर्वे कार्य के लिए राशि जारी कर दी गई है। अब सर्वे अंतिम चरण में है।उन्होंने कहा कि अब समय है केंद्र सरकार से मार्च बजट में निर्माण के लिए धनराशि की स्वीकृति मांगने का। इसके लिए संघर्ष समिति और आमजन को मिलकर सक्रियता दिखानी होगी। इसी उद्देश्य से बैठकें आयोजित कर जनजागरण किया जा रहा है।समिति ने अपील की है कि आगामी 30 जनवरी को घुघरियाखेड़ी में होने वाले वृहद सैनिक परिवार सम्मान कार्यक्रम और रेलवे लाइन की मांग से जुड़े सम्मेलन में हजारों लोग शामिल होकर अपनी आवाज़ दिल्ली तक पहुंचाएं।