खरगोन: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न सामाजिक, रचनात्मक, सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के नूतन नगर स्थित दाता हनुमान मंदिर से दाता हनुमान बस्ती क्षेत्र में भव्य आमंत्रण अक्षत कलश यात्रा निकाली गई।यात्रा में क्षेत्र के 15 मोहल्लों के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में महिलाएं और मातृशक्ति शामिल हुई। सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करके यात्रा की शुरुआत की गई। गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा बस स्टैंड सहित मुख्य मार्गों से होते हुए राधाकुंज पहुंची, जहां आगामी हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम स्थल का भूमिपूजन किया गया और भगवा ध्वज स्थापित किया गया।हिंदू महासम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक ने जानकारी दी कि संघ दृष्टि से जिले में 72 मंडल और 29 बस्तियों का गठन किया गया है। 10 जनवरी से 25 जनवरी के बीच 101 हिंदू महासम्मेलन आयोजित होंगे। इसी योजना के तहत खरगोन की 20 बस्तियों में भी हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।दाता हनुमान बस्ती में यात्रा के दौरान 15 मोहल्लों के समाजजन को 15 अक्षत कलश वितरित किए गए। ये कलश सनातन धर्मावलंबियों को आमंत्रण स्वरूप उनके घर-घर पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम में संघ द्वारा पंच परिवर्तन कार्यक्रम की जानकारी दी गई और लोगों को कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक शिष्टाचार और स्वदेशी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।साथ ही, दाता हनुमान बस्ती के राधा कुंज मांगलिक परिसर में 11 जनवरी 2026, रविवार को होने वाले हिंदू सम्मेलन में सभी को सपरिवार आमंत्रित किया गया।