चलते मिनी ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
टीकमगढ़। टीकमगढ़ जिले के महरौनी हाईवे मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब चलते मिनी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। गनीमत रही कि ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना टीकमगढ़-महरौनी हाईवे पर नीमखेरा गांव के पास की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक (आईसर) हाईवे मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक ट्रक के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, ट्रक में आग भड़क उठी। चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और कूदकर बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक ट्रक को काफी नुकसान पहुंच चुका था।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण ट्रक की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की सूचना संबंधित विभाग और पुलिस को भी दी गई है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना