मथुरा। नववर्ष के अवसर पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील जारी की है। मंदिर प्रशासन ने अनुरोध किया है कि 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच यदि संभव हो तो श्रद्धालु वृंदावन आने से परहेज करें।मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि हर वर्ष नववर्ष के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ हो जाती है, जिससे दर्शन व्यवस्था, यातायात संचालन और सुरक्षा प्रबंधन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से ही श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा है।प्रबंधन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में आपात सेवाओं, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन में कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए जिन श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को कुछ समय के लिए टालना संभव हो, वे इन तिथियों में वृंदावन आने से बचें।मंदिर प्रशासन ने यह भी अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही दर्शन का कार्यक्रम बनाएं और मंदिर प्रशासन व जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि उनके सहयोग से ही दर्शन व्यवस्था को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखा जा सकता है।अंत में मंदिर प्रबंधन ने सभी भक्तों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना है।