सुरीर में दर्दनाक सड़क हादसा, अलाव ताप रहे तीन लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत
मथुरा। जनपद मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत कस्बा सुरीर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर के बाहर अलाव ताप रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा सुरीर निवासी राजेंद्र पुत्र गुलाब सिंह (उम्र 65 वर्ष), शशिमोहन पुत्र छत्रपाल (उम्र 45 वर्ष) एवं बनवारी लाल पुत्र करण सिंह (उम्र 62 वर्ष) अपने घर के बाहर अलाव जलाकर ताप रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आई एक थार कार ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने बनवारी लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेंद्र और शशिमोहन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन थार कार है, जिसका स्वामी प्रशांत पुत्र सुशील कुमार बताया गया है।घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन आम हो गया है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना