मथुरा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का 31 दिसंबर 2025 को जनपद मथुरा का दौरा प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन द्वारा दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।जारी कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री सुबह 10:05 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 11:30 बजे पुलिस लाइन मथुरा स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां से वे 11:40 बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, मथुरा पहुंचेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ जनपद की राजनीतिक गतिविधियों और विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी।इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे उप मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचेंगे, जहां जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, कानून व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक के बाद प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित है, जिसमें उप मुख्यमंत्री मीडिया को सरकार की योजनाओं और मथुरा जनपद के विकास कार्यों की जानकारी देंगे।दोपहर 1:50 बजे उप मुख्यमंत्री निरीक्षण भवन पहुंचेंगे, जहां वे कुछ समय विश्राम करेंगे। इसके बाद 2:15 बजे वे वृंदावन स्थित सरस्वती गुरुकुलम गर्ल्स सीनियर स्कूल पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए वे पूज्य संतों को नमन करेंगे और विद्यालय की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:55 बजे उप मुख्यमंत्री पुनः पुलिस लाइन पहुंचेंगे और 3:00 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।उप मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।