नगला नेता में आपसी रंजिश के चलते चली गोली, एक व्यक्ति की मौत
मथुरा। जनपद मथुरा के थाना जैत क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला नेता में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद के बाद गोली चल गई। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब साढ़े आठ बजे नगला नेता गांव में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की वजह पुरानी आपसी रंजिश थी।बताया जा रहा है कि गांव निवासी उदयवीर और नरेश के परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों के मकान आमने-सामने स्थित हैं। इसी विवाद को लेकर रविवार को कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान हुई फायरिंग में राधा कृष्ण नामक व्यक्ति को सिर में गोली लग गई।घायल राधा कृष्ण को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना