डैंपियर नगर में खुले बिजली के बॉक्स बने हादसे की आशंका का कारण
मथुरा। शहर के डैंपियर नगर क्षेत्र में खुले पड़े बिजली के बॉक्स लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनते जा रहे हैं। यह स्थिति खासकर उन क्षेत्रों में खतरनाक है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।जानकारी के अनुसार, मथुरा महानगर में जहाँ बिजली की लाइनें भूमिगत की गई हैं, वहाँ कई बिजली के बॉक्स खुले पड़े हैं। डैंपियर नगर की स्थिति सबसे गंभीर है, जहां तीन बिजली के बॉक्स पूरी तरह जर्जर और खुले पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये बॉक्स किसी भी समय बड़ा हादसा कर सकते हैं।स्थानीय निवासी संजय बंसल ने बताया कि ये बिजली के बॉक्स राजकीय संग्रहालय के बाहर स्थित हैं। कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई, लेकिन हर बार केवल निरीक्षण कर आश्वासन दिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले बॉक्सों से करंट फैलने का हमेशा खतरा बना रहता है, खासकर बरसात के मौसम में। आसपास से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर रोज गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।लोगों ने बिजली विभाग से अपील की है कि इन खुले बिजली बॉक्सों को जल्द से जल्द बंद और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना