मथुरा। रविवार को शहर मथुरा में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने 140वें स्थापना दिवस को बड़ी धूमधाम और जोश के साथ मनाया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस कार्यालय के साथ-साथ जिले के सभी ब्लॉकों में भी आयोजित किए गए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई। इस अवसर पर सेवादल के पूर्व अध्यक्ष मनोज गौड़ ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी का ध्वजारोहण किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने बताया कि 28 दिसंबर 1885 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी और इसके प्रथम अध्यक्ष कोमेशचंद्र बनर्जी थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी विचारधारा है जो धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधानिक मूल्यों में विश्वास रखती है।मुकेश धनगर ने आगे कहा कि देश की आज़ादी की लड़ाई कांग्रेस के नेतृत्व में लड़ी गई और स्वतंत्रता के बाद पंचवर्षीय योजनाएं, योजना आयोग, आईआईटी, एम्स, जेएनयू, मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा गारंटी जैसे ऐतिहासिक कानून व संस्थान देश को कांग्रेस की देन हैं।जिलाध्यक्ष ने वर्तमान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान नरेंद्र मोदी सरकार ने इन जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने 140वें स्थापना दिवस पर संकल्प लेती है कि जैसे अंग्रेजों के अत्याचार के सामने कांग्रेस के दिग्गज नेता नहीं झुके, उसी तरह आज भी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक जनआंदोलन किया जाएगा।पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि आज लोकतंत्र के सबसे मजबूत स्तंभ माने जाने वाली न्यायपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा के बजाय राहत दी जा रही है और संवैधानिक संस्थानों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया जा रहा है।