नववर्ष पर गिरिराज परिक्रमा करने पहुंचे कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह
नव वर्ष के अवसर पर ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर नव वर्ष की शुरुआत करना चाहते हैं। इसी क्रम में प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।इसी कड़ी में आगरा मंडल के कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह नव वर्ष के अवसर पर सपरिवार गिरिराज महाराज की शरण में पहुंचे। उन्होंने गोवर्धन पहुंचकर परंपरागत सप्तकोशी परिक्रमा की और गिरिराज जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ गोवर्धन उपजिलाधिकारी प्रज्ञात त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी रवि त्यागी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।नव वर्ष के अवसर पर गोवर्धन क्षेत्र में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मंदिरों में सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना