मथुरा जनपद के थाना राया क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:42 बजे नियमित चेकिंग के दौरान की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना राया पुलिस टीम रेलवे के सूरज फाटक से आगे हाथरस–मथुरा रोड की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान कच्चे रास्ते पर करीब 25 मीटर आगे एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक अवैध छुरी बरामद हुई।पूछताछ में युवक ने अपना नाम कौशल पुत्र मोहन लाल, निवासी रेतिया बाजार, भोलेश्वर कॉलोनी, कस्बा व थाना राया बताया। अभियुक्त की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ थाना राया में मु0अ0सं0 485/25, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, जी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।यह कार्रवाई थाना राया के प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण शर्मा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवींद्र बाबू, हेड कांस्टेबल उमेश चंद और होमगार्ड उदल सिंह शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।