सीहोर में चलती बाइक में जोरदार विस्फोट, युवक की मौके पर मौत
सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र के रामनगर गांव के पास रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चलती मोटरसाइकिल में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि युवक के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जमली निवासी सुखराम बरेला (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल (MP 37 MN 4489) से रामनगर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में उसके पास भारी मात्रा में डेटोनेटर होने की आशंका जताई जा रही है।हादसे के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और युवक को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इछावर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री के रूप में डेटोनेटर होने की संभावना सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच रामनगर में गिट्टी मशीन के पास हुई। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, उसकी मोटरसाइकिल में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास कोई अन्य संदिग्ध या संवेदनशील वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग को लेकर मामले की गहन जांच जारी है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना