मथुरा। जनपद मथुरा में थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हत्या के एक मामले में वांछित शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम दिनांक 27 दिसंबर 2025 को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उस्फार में हत्या का आरोपी धर्मेन्द्र इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेरने का प्रयास किया।खुद को घिरता देख आरोपी धर्मेन्द्र ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेन्द्र पर दिनांक 18 और 19 दिसंबर 2025 की रात ग्राम उस्फार निवासी 27 वर्षीय मुकेश की हत्या का आरोप है। मृतक मुकेश का शव जुनसिटी माइनर में पानी के अंदर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक मुकेश के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने जेल से छूटने के बाद मुकेश की हत्या कर दी थी।फिलहाल आरोपी जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन है। उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, जिसमें उसके खिलाफ कई राज्यों में संगीन अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है।