खरगोन, मध्य प्रदेश – उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेप कांड की पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर खरगोन में युवक कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। आरोपी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा के निलंबन के विरोध में युवक कांग्रेस ने बस स्टैंड पर मोर्चा खोलकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजत डंडीर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने खरगोन यात्री बस स्टैंड पर पोस्टर लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने यात्रियों के बीच पहुंचकर महिला सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।युवक कांग्रेस ने भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे पर कटाक्ष किया और कहा कि जब बेटियां सुरक्षित ही नहीं हैं, तो ऐसे नारे केवल दिखावा बनकर रह गए हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आम लोग और यात्री भी मौजूद रहे।खरगोन जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रजत डंडीर ने कहा कि उन्नाव की पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए। आरोपी पूर्व विधायक की सजा का निलंबन बेटियों के साथ अन्याय है। अगर सरकार सच में बेटियों को सुरक्षित रखना चाहती है तो दोषियों को सख्त सजा दे।युवक कांग्रेस के खरगोन विधानसभा अध्यक्ष शाहरूख मिर्जा ने कहा कि संगठन की मांग है कि आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की सजा का निलंबन तत्काल रद्द किया जाए और पीड़िता को पूरा न्याय मिले।