मथुरा कृष्णा नगर क्षेत्र में एक पिता की गंभीर लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस चौंकाने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान और चिंतित हैं।जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर निवासी कपिल खंडेलवाल ने अपने पांच वर्षीय बेटे को कार की चाबी दे दी और स्वयं कहीं चले गए। इसी दौरान मासूम बच्चे ने अनजाने में कार स्टार्ट कर दी। कार अचानक आगे बढ़ी और संकरी गली में तेज़ी से दौड़ने लगी। बेकाबू कार ने रास्ते में खड़ी दो स्कूटी, एक हुंडई एक्सटर कार और एक अर्टिगा कार को टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि कुछ दूरी पर जाकर कार रुक गई, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।घटना के समय गली में कुछ बच्चे खेल रहे थे। अचानक चलती कार को देखकर बच्चों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन खतरे को भांपते ही वे वहां से भाग गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी बच्चे को कई बार कार की चाबी दी जा चुकी थी, जिसको लेकर पड़ोसियों ने परिवार को आगाह भी किया था, लेकिन लापरवाही जारी रही। बताया जा रहा है कि यह घटना दिसंबर माह की है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार शाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोग इसे बेहद गंभीर लापरवाही बता रहे हैं और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को कभी भी वाहन की चाबी न दें, क्योंकि एक छोटी सी चूक किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। उनका कहना है कि सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।