चापड़ा बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखने को मिला। इसको लेकर शुक्रवार को बजरंग सेना के बैनर तले चापड़ा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया, जहां बांग्लादेश का पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया।प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग सेना के जिला अध्यक्ष प्रतीक वैष्णव ने किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जिस प्रकार हिंदू समाज पर हमले और अत्याचार किए जा रहे हैं, उसकी बजरंग सेना कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी बांग्लादेशी हिंदू पर अत्याचार होता है, तो भारत का हिंदू समाज इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। देश के कोने-कोने में हिंदू समाज एकजुट होकर बांग्लादेशी हिंदुओं के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में निर्दोष हिंदू परिवारों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में नारेबाजी की। बजरंग सेना के आह्वान पर देशभर में इसी तरह के विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। चापड़ा चौराहे पर भी आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से बांग्लादेश का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।इस अवसर पर बजरंग सेना के प्रदेश प्रभारी मोहित जाट, जिला अध्यक्ष प्रतीक वैष्णव, गौ रक्षा जिला अध्यक्ष गोपाल विश्वकर्मा, नाना जैन, टोनी जैन, नाना वैष्णव, काबरू उपाध्याय, सचिन सेंधव, देवेंद्र सिंह पटेल, कुलदीप यादव, गणेश पटेल, राहुल परमार, राहुल शर्मा, रविंद्र सेंधव, अरविंद राठौर सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा। थाना कमलापुर प्रभारी सर्जन सिंह मीणा एवं सैनिक महेंद्र सिंह राणा ने स्थिति पर नजर बनाए रखी, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।