मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आज एक नए मीटिंग हॉल का उद्घाटन किया गया। यह हॉल माननीय विधायक श्री श्रीकांत शर्मा (पूर्व ऊर्जा मंत्री) की विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह में विधायक ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया।एनएमटीसी की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हॉल का अनावरण किया गया। करीब 40×20 फीट क्षेत्रफल में बने इस मीटिंग हॉल का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईसी) द्वारा कराया गया है। यह हॉल भविष्य में स्वास्थ्य विभाग की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाएगा।विधायक श्रीकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य विभाग आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है और यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों से जनता की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करने का आग्रह किया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, निर्माण कार्य के नोडल अधिकारी डॉ. अनुज कुमार, डॉ. रोहिताश सिंह, डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. एस.पी. राठौर, कार्यदाई संस्था के अवर अभियंता सुरेंद्र सिंह तथा सीएमओ कार्यालय के अवर अभियंता कप्तान सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सभी ने नवनिर्मित मीटिंग हॉल को स्वास्थ्य विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।