मथुरा। क्रिसमस का पर्व पूरी दुनिया में हर्षोल्लास और उल्लास के साथ मनाया गया। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में भी 25 दिसंबर को सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च में प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिवस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। विशेष रूप से ईसाई समुदाय ने इस अवसर को उमंग, उत्साह और हर्ष के साथ मनाया।चर्च में पास्टर इंचार्ज रेव्ह श्रीपाल ने क्रिसमस का संदेश देते हुए कहा कि परमेश्वर ने अपना पुत्र पृथ्वी पर लोगों के पापों से उद्धार दिलाने के लिए भेजा ताकि जो उस पर विश्वास करें वह अनंत जीवन प्राप्त कर सकें। इस पावन अवसर पर सद्भावना फाउंडेशन के अध्यक्ष और अल्पसंख्यक सभा उत्तर प्रदेश के मुख्य महासचिव मनीष दयाल ने सभी को क्रिसमस की बधाई दी और बताया कि यीशु मसीह ने अपना जीवन समाज के गरीब और बेसहारा लोगों की सेवा में समर्पित किया।उत्सव में रेजी विलियम, अलका ए. मसीह, राजीव तथा राजमसीह ने विशेष गीत प्रस्तुत किए। राजमसीह ने प्रार्थना करवाई और कव्वाली प्रस्तुत की। सुदीप मैसी ने कहा कि यह पर्व हमें शांति और प्रेम का संदेश देता है। विराट अभिषेक ने अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। हिमांशु सिंह और जैरेश ने संगीत संयोजन की जिम्मेदारी संभाली। प्रार्थना सभा के बाद अर्जुन, अनूप, विकास आदि ने क्रिसमस भंडारे की व्यवस्थाओं को देखा।इसके अतिरिक्त, CNI चर्च केंट में रेव्ह रोड्रिक विक्टर की अगुवाई में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जबकि सैक्रेड हार्ट चर्च, मथुरा में फादर एलयास कोरिया ने प्रार्थना कराई और क्रिसमस का संदेश दिया।