मथुरा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील गोवर्धन क्षेत्र के ग्राम पैंठा स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। विशेष रूप से सर्दी के मौसम को देखते हुए पशुओं के रहन-सहन, खान-पान और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में उपलब्ध हरा चारा, भूसा, खर, चोकर, पीने का पानी, साफ-सफाई और शेड की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और नियमित रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी गौवंश को असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने स्वयं गौवंशों को गुड़ खिलाया और उनकी सेहत की जानकारी ली।ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शेडों को तिरपाल से ढका जाए ताकि ठंडी हवा अंदर न आ सके। साथ ही फर्श पर पर्याप्त मात्रा में पुआल, भूसा या सूखी पत्तियां बिछाई जाएं, जिससे गौवंशों को ठंड से बचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि गौशाला के दरवाजों और खिड़कियों पर बोरे लगाए जाएं ताकि ठंडी हवाओं का प्रभाव कम हो।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए, जिससे पशुओं को गर्माहट मिलती रहे। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी गौवंशों की ईयर टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। ठंड के मौसम में बीमार पड़ने वाले गौवंशों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।इस निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र नारायण शुक्ला, तहसीलदार गोवर्धन सुशील गुप्ता, संबंधित ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशालाओं में व्यवस्थाएं मानक के अनुसार बनी रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।