कसरावद, खरगोन, मध्य प्रदेश – मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की वृहद जिला स्तरीय बैठक कसरावद के मां नर्मदा के तट पर ग्राम नावडाटोडी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रमुख मुद्दों को बिंदुवार रूप से दर्ज किया गया।बैठक में कर्मचारियों ने हाउस अलाउंस, समयमान वेतनमान, क्रमोन्नति वेतन, परिवीक्षा अवधि का वेतन, ई-अटेंडेंस सहित अन्य लंबित समस्याओं को उठाया। बताया गया कि शासन द्वारा मान्यता प्राप्त संघ की जायज मांगें जिला परामर्श समिति के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने के बावजूद लगभग पांच महीने से लंबित हैं, जिसका कारण विभागीय अधिकारियों की उदासीनता है।बैठक में इन लंबित मांगों के समाधान हेतु कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन एवं शिकायत प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक कर्मचारियों को संघ से जोड़ने का आह्वान किया गया।बैठक में प्रांतीय सदस्य भारती मालवीय, जिलाध्यक्ष विजय राय सुनहरे, कमल सांवले, संजय निगवाल सहित ब्लॉक व तहसील स्तर के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम पाटीदार ने किया, सद्भावना गीत मीनाक्षी जोशी ने प्रस्तुत किया और आभार प्रदर्शन कसरावद ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया।