सेमरिया। देश के गृह मंत्री अमित शाह का कल सेमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान वे यहाँ आयोजित कृषक सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री करेंगे।गृह मंत्री अमित शाह बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संचालित गौ-आधारित प्राकृतिक खेती के विकसित हो रहे मॉडल का अवलोकन भी करेंगे। यह मॉडल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री का कार्यक्रम स्थल पर दोपहर लगभग 3 बजे पहुँचने की संभावना है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

गृह मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल और गौशाला की तैयारियों का निरीक्षण उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, कलेक्टर तथा प्रदेश स्तरीय प्रशासनिक टीम द्वारा किया जा चुका है।

10 हजार से अधिक गौवंश को मिल रहा आश्रय

उल्लेखनीय है कि बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में वर्तमान में लगभग 10 हजार बेसहारा गौवंश को संरक्षण एवं आश्रय प्रदान किया जा रहा है। यह विहार प्रदेश के सबसे बड़े गौ संरक्षण केंद्रों में से एक है और गौ-संवर्धन के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभा रहा है।