उज्जैन से संजय शर्मा की रिपोर्ट। मध्यप्रदेश सरकार की कथित विफलताओं के खिलाफ युवक कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज उज्जैन से की गई। मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया पद संभालने के बाद पहली बार उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं लापता हो रही हैं। वहीं बेरोजगारी के कारण युवा पलायन को मजबूर हैं। यश घनघोरिया ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर सरकार ने अपनी मानसिकता उजागर कर दी है। इन सभी मुद्दों को लेकर युवक कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और कलेक्टर कार्यालय व नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव भी मौजूद रहे।