खरगोन: नगर की पहचान और प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में शुमार श्री नवग्रह मेला इस बार 1 जनवरी से शुरू होगा। इस बार मेले का समापन एक सप्ताह बढ़ा दिया गया है। मेले के दौरान ही नगर गौरव दिवस का आयोजन भी भव्यता के साथ किया जाएगा। इन सांस्कृतिक आयोजनों का निर्णय सोमवार को नगर पालिका परिषद के साधारण व्यापक सम्मेलन में लिया गया।यह निमाड़ क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला है, जिसमें श्रद्धालु मंदिर दर्शन के साथ-साथ झूले, स्थानीय बाजार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं। मेले की व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका और प्रशासन पूरी तैयारी करते हैं। मेला केवल सांस्कृतिक और मनोरंजन के लिए ही नहीं बल्कि पशु मेले के रूप में भी लोकप्रिय है। इस मेले में निमाड़ नस्ल के बैलों की विशेष पूछ-परख होती है और पशुपालक मप्र, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों से भी बैल जोड़ी खरीदने पहुंचते हैं।आमतौर पर 1 जनवरी को भूमिपूजन करके मेले की शुरुआत की जाती है, लेकिन मेला अपनी पूरी रंगत पर 20 जनवरी तक चलता है।नगर पालिका अध्यक्ष  छाया जोशी ने बताया कि साधारण सम्मेलन में 17 बिंदुओं पर विचार-विमर्श और प्रशासकीय स्वीकृति को लेकर चर्चा की गई। नगर विकास कार्यों के साथ ही गौरव दिवस और नवग्रह मेले को लेकर निर्णय लिया गया। नगर गौरव दिवस 14 और 15 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।