पटवारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, राजस्व कार्य ठप, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सागर। सागर जिले में पटवारियों की हड़ताल चौथे दिन भी लगातार जारी है। जिले के सभी पटवारी सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार पर हैं, जिसके चलते राजस्व विभाग से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व प्रक्रियाएं प्रभावित होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पटवारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर यदि शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार को पटवारी संगठन ने पैदल मार्च निकालते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्हें तिरंगा सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।बताया जा रहा है कि यह हड़ताल देवरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटैरिया पर लगे मारपीट और अभद्रता के आरोपों के विरोध में की जा रही है। पटवारियों का आरोप है कि एक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।वहीं, इस पूरे मामले को लेकर विधायक के समर्थक पहले ही कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं और पटवारियों के आरोपों को निराधार बताया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल पटवारियों की हड़ताल जारी रहने से जिले की राजस्व व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित बनी हुई है।

Pradeep Agrawal बाबा से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे, तभी हुआ विवाद