मथुरा। जनपद मथुरा के थाना गोवर्धन क्षेत्र में 23 दिसंबर 2025 को एसओजी टीम और गोवर्धन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय साइबर अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शाहिद पुत्र साहून निवासी देवसेरस, थाना गोवर्धन, मथुरा के रूप में हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा द्वारा अभियुक्त शाहिद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह लंबे समय से साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में वांछित चल रहा था। 23 दिसंबर को एसओजी मथुरा और थाना गोवर्धन पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी साइबर अपराधी सकरवा बाईपास की ओर से निकलने वाला है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त शाहिद ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।घायल अभियुक्त को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक कंट्रीमेड तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त का एक अन्य साथी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।क्षेत्राधिकारी गोवर्धन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे साइबर ठगी से जुड़े कई अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।