मथुरा। संपूर्ण विश्व को सदमार्ग पर ले जाने का संदेश देने वाले विरक्त संत प्रेमानंद महाराज जी के समर्थक लगातार बढ़ते जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता और श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संत प्रेमानंद महाराज जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की।पत्र में दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि ऐसे महान संत कई वर्षों में भारत भूमि पर जन्म लेते हैं, जो जनमानस को अपने सद् विचारों से कल्याण प्रदान करते हैं और देश की शांति और गौरव को पुनः स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज ने अपने दिव्य प्रवचनों के माध्यम से मद्य, मांसाहार, जुआ और अन्य बुरी संगत से लोगों को दूर कर राधा नाम का जप और श्रवण कराते हुए करोड़ों लोगों को सद्गति की ओर प्रेरित किया है। ऐसे सनातनी संत का सम्मान होना चाहिए।दिनेश फलाहारी महाराज ने यह भी बताया कि विश्व भर के सनातनी संत प्रेमानंद महाराज को पवित्र ईश्वर का अंश मानकर अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने अपने लिए कुछ नहीं किया, बल्कि देश, धर्म और सनातन हिंदुओं के लिए मार्गदर्शन किया, जिस पर चलकर लोग अपने जीवन को सार्थक बना रहे हैं। बहुत लंबे समय के बाद किसी संत महापुरुष ने अपने प्रवचनों के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव किया है।इस मांग का समर्थन बृज भूमि के प्रमुख संत महामंडलेश्वर रामदास जी महाराज, आचार्य लक्ष्मीनारायण दास जी, कुंज बिहारी पीठाधीश्वर इंदुलेखा जी, मधुसूदन दास जी महाराज और अनमोल दास जी महाराज ने भी किया है।