खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल का नाम इस्तेमाल कर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। ग्राम छोटी खरगोन निवासी अजय मंसोरे पिता हरिराम मंसोरे ने समाज सेवा की आड़ में आरक्षित वर्ग के बेरोजगार युवाओं को सहकारिता विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की।पीड़ित युवाओं के अनुसार आरोपी खुद को रसूखदार बताता था और क्षेत्र के बड़े राजनेताओं व अधिकारियों से अपने करीबी संबंध होने का झूठा दावा करता था। वह यह भी कहता था कि कई सरकारी विभागों में बिना विज्ञापन के “ऑफलाइन भर्तियां” होती हैं, जिन्हें वह अपनी राजनीतिक पकड़ के जरिए मैनेज करवा सकता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलेश्वर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में अब तक 2 लाख 72 हजार रुपये की ठगी सामने आई है।इस मामले में अपना नाम घसीटे जाने पर खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रविवार को मंडलेश्वर पहुंचकर मीडिया से चर्चा में कहा कि आरोपी ने उनके नाम का दुरुपयोग कर युवाओं के साथ धोखा किया है। सांसद पटेल ने एसपी रविंद्र वर्मा और थाना प्रभारी दीपक यादव को आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं, साथ ही पीड़ितों की राशि वापस दिलाने की बात कही है।