खरगोन। शहर के साकेत नगर क्षेत्र में पतंग उड़ाने के दौरान एक 8 वर्षीय बालक हादसे का शिकार हो गया। छत पर पतंग उड़ाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से बच्चा चढ़ाव से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार साकेत नगर निवासी कार्तिक पिता रविंद्र मंडलोई छत पर पतंग उड़ाने गया था। इसी दौरान वह चढ़ाव पर पैर फिसलने से असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। गिरने के बाद वह कई पलटियां खाते हुए जमीन पर आ गिरा, जिससे उसे सिर में चोट और सूजन आई।घटना के बाद बच्चे के दोस्त ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे को अंदरूनी चोटों की आशंका को देखते हुए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी गई है। फिलहाल बच्चे की हालत में सुधार बताया जा रहा है।