सतना। सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के नाम पर हो रही खानापूर्ति एक बार फिर उजागर हुई है। कोठी तहसील के पोड़ी-मनकहरी मार्ग के नवीनीकरण कार्य में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कड़ा रुख अपनाया है।औचक निरीक्षण के दौरान सड़क की हालत देखकर मंत्री प्रतिमा बागरी भड़क उठीं। उन्होंने पाया कि सड़क पर डामर की मोटाई और गुणवत्ता PWD के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। जगह-जगह सतह उखड़ती नजर आई, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।निरीक्षण के दौरान जब कार्यपालन यंत्री बी.आर. सिंह से जवाब मांगा गया तो उन्होंने कुछ हिस्सों को “रिजेक्ट” किए जाने की बात कहकर मामले को हल्का करने का प्रयास किया, लेकिन मौके की स्थिति इससे उलट थी। वास्तविकता यह थी कि पूरी सड़क ही घटिया स्तर की बनी हुई थी।मंत्री प्रतिमा बागरी ने लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए संबंधित संविदाकार का ठेका निरस्त करने के निर्देश दिए और कार्यपालन यंत्री को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी पैसों से होने वाले कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि इस तरह की गड़बड़ियां सामने आईं तो जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।