मथुरा जनपद के यमुना पार थाना क्षेत्र के लोहावन गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार लोहावन गांव निवासी मोहित का ढाई वर्षीय पुत्र घर के पास खेल रहा था, तभी यमुना पार थाने के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक ईको गाड़ी ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही क्षणों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के तुरंत बाद गाड़ी चालक घबरा गया और बच्चे को गोद में उठाकर रोते हुए दिखाई दिया, लेकिन उसने बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से फरार हो गया। परिजन और ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने किसी की नहीं सुनी और धमकी देते हुए भाग गया। बताया जा रहा है कि ईको गाड़ी का मालिक लोहावन गांव के पास नगला चीता का निवासी है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश तेज कर दी है और कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।