छाता थाना क्षेत्र के गांव कोकिरा में समाज की भूमि पर स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के मुंह और हाथ तोड़ दिए गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समुदाय के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते भारी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ शरारती तत्व अब भी बाबा साहब की प्रतिमा को दुर्भावनापूर्ण नजर से देखते हैं, जबकि उन्होंने देश को संविधान दिया। ग्रामीणों ने कहा कि संविधान निर्माता की प्रतिमा के साथ इस तरह की घटना समाज के लिए शर्मनाक है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में भी हलचल मच गई। मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस बल पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश जारी है।