छाता तहसील क्षेत्र के बरसाना रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित एक परचून की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अफरा-तफरी मच गई।दुकान मालिक भगत सिंह यदुवंशी ने बताया कि उनकी परचून की दुकान ही परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र साधन थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की कोशिश की जा चुकी है, लेकिन उस समय बड़ा नुकसान होने से बच गया था। इस बार आग इतनी तेज थी कि पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। दुकान में करीब 10 लाख रुपये का सामान रखा था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया है।आग की घटना के बाद परिवार की स्थिति बेहद खराब है। भगत सिंह और उनके परिवार के लोग जली हुई दुकान देखकर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि अब उनके सामने परिवार के पालन-पोषण की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है और वह खुद को सड़क पर आ गया महसूस कर रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि दुकान मालिक द्वारा थाने में लिखित तहरीर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।