शहडोल: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में मनरेगा योजना का नाम बदलकर “विकसित भारत जी राम जी” किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस द्वारा गांधी चौक में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। समारोह की शुरुआत जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी इस योजना का नाम बदलने को राष्ट्रपिता का अपमान बताया। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि मौजूदा सरकार को महात्मा गांधी से नफरत है और इसी कारण राष्ट्रपिता के नाम से चल रही महत्वपूर्ण योजना का नाम बदला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास अपनी कोई नई योजना नहीं है और वह केवल कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं का नाम बदलकर श्रेय लेने का काम कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।

अजय अवस्थी ने कहा कि सरकार की मंशा पूरी योजना को खत्म करने की है और नाम बदलना केवल बहाना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और मजदूरों की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए 'नाम बदलने की राजनीति' का सहारा ले रही है। सरकार जनहित के कार्यों पर ध्यान देने के बजाय प्रतीकों को बदलने में ऊर्जा नष्ट कर रही है। मनरेगा योजना ने गांवों में करोड़ों लोगों को काम का वैधानिक अधिकार दिया और सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाया है। नाम बदलना गांधी जी और संवैधानिक सामाजिक कल्याण गारंटी पर वैचारिक हमला है।

धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे, पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, धनपुरी नगरपालिका उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीनिवास शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और सरकार पर योजनाओं का नाम बदलकर जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।