कसरावद में नेशनल हाईवे पर खड़ी कार में शव मिलने से सनसनी
खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में बलकवाड़ा थाना अंतर्गत खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मुकुंदपुरा स्थित मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक खड़ी कार में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर हंड्रेड डायल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कार की जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।
सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव एवं मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। कार में शव के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान सुनील चौकसे, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी पीथमपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार मृतक शिर्डी घूमकर पीथमपुर वापस लौट रहा था और उसकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुनसान स्थिति में खड़ी मिली, जिसमें वह मृत अवस्था में पाया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने फिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

मोदी का तंज: झालमुड़ी मैंने खाई, जलन उन्हें हो रही
पश्चिम बंगाल चुनाव में SIR बना सबसे बड़ा सियासी मुद्दा
समर स्किन केयर: भीषण गर्मी में भी बरकरार रहेगी चेहरे की चमक, बस अपनाएं ये आसान टिप्स