बांग्लादेश में एक सनातनी हिंदू युवक की निर्मम हत्या की घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया है। ब्रज भूमि के साधु-संत इस घटना को मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध मानते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश में युवक को थाने से बाहर निकालकर उग्र भीड़ ने पेट्रोल डालकर जला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने वहां के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक समझा जा रहा है। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया जाए और बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए दबाव बनाया जाए।संत समाज ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि किसी भी समस्या का समाधान हिंसा नहीं बल्कि संवाद और कानून के माध्यम से होना चाहिए। संतों का मानना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।