शहर के डायवर्सन रोड पर स्थित सीता वल्लभ मार्केट विवादों में घिरता नजर आ रहा है। पहले वल्लभ नगर कॉलोनिवासियों ने मार्केट से जुड़े अवैध निर्माण की शिकायत करते हुए कॉलोनी के दस्तावेज़ों की जांच की मांग की थी। अब यह मामला मार्केट में संचालित गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में है। शनिवार को कॉलोनिवासियों ने कोतवाली पहुंचकर मार्केट में चल रहे स्पा सेंटर के संचालन की शिकायत की और इसमें अवैध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। रहवासियों का आरोप है कि यह स्पा सेंटर कॉलोनी के रास्ते पर स्थित बिल्डिंग में संचालित हो रहा है, जहां गंदे विचारों वाले लोग आते जाते हैं, जिससे कॉलोनी की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए इस सेंटर की जांच कराकर चल रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।